उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। यूपी 112 मुख्यालय के सोशल मीडिया व्हाट्सऐप डेस्क पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से मैसेज भेजकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने और अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस धमकी के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

व्हाट्सएप पर आया धमकी भरा मैसेज
घटना शनिवार शाम की है, जब यूपी 112 मुख्यालय पर तैनात संवाद अधिकारी शारदा यादव ने शाम 05 बजकर 16 मिनट पर डेस्क पर आए एक मैसेज को देखा। इस मैसेज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 24 घंटे के अंदर जान से मारने और राम मंदिर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सहेंद्र कुमार यादव ने तत्काल सुशांत गोल्फ सिटी थाने में संबंधित व्हाट्सएप नंबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
इस धमकी के बाद एडीजी (कानून एवं व्यवस्था), एटीएस (ATS), एसटीएफ (STF) और सुरक्षा मुख्यालय को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने मैसेज का स्क्रीनशॉट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य कब्जे में ले लिए हैं। अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली बसंथ कुमार ने बताया कि साइबर क्राइम सेल की मदद से मैसेज भेजने वाले की लोकेशन और आईपी एड्रेस (IP Address) का पता लगाया जा रहा है।
मुकदमा दर्ज और सघन जांच
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की कई टीमें संदिग्ध की तलाश में दबिश दे रही हैं। सुरक्षा मुख्यालय ने अयोध्या और मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर सतर्कता बढ़ा दी है।
