शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है, ये हम सभी जानते हैं. लेकिन, फिर भी बहुत सारे लोगों का सवाल होता है कि एक दिन में कितनी मात्रा में अल्कोहल ले सकते हैं? शराब पीने से शरीर पर क्या असर होता है? जैसा कि हम सब जानते है कि लिवर हमारे शरीर का एक बहुत ही जरूरी अंग है, जो खून को साफ करने, पोषक तत्वों को स्टोर करने और शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने का काम करता है. लेकिन, अल्कोहल यानी शराब का सेवन लिवर को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाता है. बहुत से लोग यह सोचते हैं कि अगर थोड़ी मात्रा में शराब ली जाए तो उससे कोई नुकसान नहीं होता. लेकिन क्या वाकई ऐसा होता है ? जानिए क्या है विशेषज्ञ की राय?

डॉक्टर की राय “नो अल्कोहल ही सही”
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक अल्कोहल एक तरह का जहर है, जो शरीर और खासकर लिवर को नुकसान पहुंचाता है. इसलिए डॉक्टर सरीन यह सलाह नहीं देते कि कोई भी व्यक्ति शराब का सेवन करे, चाहे थोड़ी मात्रा में ही क्यों न हो.

क्या कभी-कभार पीना सुरक्षित है?
विशेषज्ञ मानते है कि अगर आप अल्कोहल लेना ही चाहते हैं तो साल में एक बार से ज्यादा न लें. हां, इसकी मात्रा हर व्यक्ति के मेटाबॉलिज्म यानी शरीर की कार्यप्रणाली पर निर्भर करती है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि थोड़ी मात्रा भी पूरी तरह सुरक्षित है. बहुत ज्यादा अल्कोहल पीने से फैटी लिवर, लिवर सूजन, सिरोसिस, लिवर फेलियर के साथ साथ कैंसर तक का खतरा हो सकता है. ज्यादा मदिरापान करने से धीरे-धीरे लिवर की सेल्स मरने लगती हैं और लिवर काम करना बंद कर देता है.

क्या कम मात्रा में पीना सही है?
बहुत लोग मानते हैं कि “थोड़ी सी शराब हेल्थ के लिए अच्छी है”, लेकिन ये सिर्फ भ्रम है. वैज्ञानिक रिसर्च और डॉक्टर सरीन जैसे एक्सपर्ट्स की मानें तो कम मात्रा में भी अल्कोहल लिवर को नुकसान पहुंचा सकती है, खासकर अगर ये आदत में बदल जाए. लिवर के लिए सबसे बेस्ट ड्रिंक के रुप में पानी सबसे जरूरी माना गया है, साथ ही साथ नींबू पानी, नारियल पानी, ग्रीन टी, हल्दी वाला दूध, आंवला जूस जैसी ड्रिंक लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करती हैं.

लिवर को हेल्दी बनाए रखना है तो अल्कोहल से दूरी ही सबसे अच्छा उपाय है. डॉक्टर सरीन और WHO की मानें तो अल्कोहल किसी भी मात्रा में सुरक्षित नहीं है. “शराब थोड़ी हो या ज्यादा, लिवर पर असर जरूर डालती है.” इसलिए अगर आप अपने स्वास्थ्य से प्यार करते हैं, तो बेहतर होगा कि आप “नो अल्कोहल” की राह चुनें.

