आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा की तूफानी पारी और शार्दुल ठाकुर की घातक गेंदबाजी के दम पर पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया है। धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में मुंबई ने 201 रनों के विशाल लक्ष्य को आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ मुंबई ने सीजन में अपनी चौथी जीत दर्ज की है, जबकि पंजाब को अपनी 5वीं हार का स्वाद चखना पड़ा।

पंजाब की पारी: आखिरी ओवरों में पलटा पासा
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत काफी आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने मात्र 32 गेंदों में 57 रन जड़कर टीम को मजबूत आधार दिया। प्रियांश आर्या (22) और अजमतुल्लाह ओमरजई (38) ने भी उपयोगी योगदान दिया। हालांकि, मध्यक्रम के लड़खड़ाने के बाद विष्णु विनोद और जेवियर बार्टलेट ने अंतिम 3 ओवरों में 53 रन कूटकर टीम का स्कोर 8 विकेट पर 200 रन तक पहुँचाया। मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 39 रन देकर 4 विकेट चटकाए। दीपक चाहर को 2 और कॉर्बिन बोश को 1 विकेट मिला, जबकि जसप्रीत बुमराह इस मैच में खाली हाथ रहे।
तिलक वर्मा की ‘मैच विनिंग’ पारी
201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रायन रिकलटन (48) और रोहित शर्मा (25) ने तेज शुरुआत दिलाई। लेकिन असली रोमांच तिलक वर्मा के मैदान पर आने के बाद शुरू हुआ। तिलक ने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए और मात्र 33 गेंदों में 75 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 56 रनों की अटूट साझेदारी की और टीम को 19.5 ओवर में जीत दिला दी।
