संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे भारत की आर्थिक यात्रा का निर्णायक पड़ाव बताया है। बजट को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि देश के वर्तमान सपनों को वास्तविकता में बदलने की स्पष्ट योजना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत सुधारों की उस ट्रेन में सवार है जो देश को तेज़ विकास की दिशा में आगे ले जा रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए ठोस नींव रखता है। उन्होंने इसे युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार करने वाला, निवेश को गति देने वाला और आर्थिक स्थिरता को मजबूत करने वाला बजट बताया। उनके अनुसार फिस्कल अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को प्राथमिकता देना इस बजट की सबसे बड़ी खासियत है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने महंगाई नियंत्रण और राजकोषीय घाटा कम करने जैसे चुनौतीपूर्ण लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए पूंजीगत खर्च को बढ़ाया है, जिससे रोजगार, बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि यह बजट भारत की प्रतिभाशाली युवा शक्ति को आगे बढ़ने के लिए खुला मंच प्रदान करेगा।
बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसे देश के समग्र विकास का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, युवाओं, मध्यम वर्ग और श्रमिकों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है।
