भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा की फिटनेस और उनके भविष्य को लेकर पिछले कुछ समय से क्रिकेट गलियारों में लगातार चर्चाएं गर्म हैं। आईपीएल 2026 में कई मैच मिस करने और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में औसत प्रदर्शन के बाद आलोचकों ने उनके करियर को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। इन सब आलोचनाओं के बीच रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड ने उनके आलोचकों को करारा जवाब देते हुए एक बेहद सनसनीखेज और बड़ा दावा किया है। दिनेश लाड का कहना है कि रोहित शर्मा को अब किसी को कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है और वे साल 2027 का वनडे विश्व कप (ODI World Cup 2027) निश्चित रूप से खेलेंगे।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में होगा फिटनेस टेस्ट
बता दें कि 39 वर्षीय रोहित शर्मा जल्द ही बीसीसीआई (BCCI) के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ पहुंचने वाले हैं, जहां आगामी अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले उनका कड़ा फिटनेस टेस्ट होगा। इसी बीच समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) से बातचीत करते हुए दिनेश लाड ने कहा, “एक कोच के तौर पर मुझे नहीं लगता कि रोहित को किसी के सामने खुद को साबित करना है। उनका एकमात्र लक्ष्य भारत के लिए 2027 का वनडे विश्व कप जीतना है और वे इसे लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं। उम्र को लेकर केवल बाहर बातें हो रही हैं, लेकिन वे आज भी पूरी तरह फिट हैं।”
सबा करीम के बयान पर कोच का पलटवार: ‘दी 100% गारंटी’
हाल ही में पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम ने बयान दिया था कि वर्ल्ड कप 2027 की योजनाओं में बने रहने के लिए रोहित को अगले छह महीनों में अपनी फिटनेस और फॉर्म साबित करनी होगी। इस पर पलटवार करते हुए दिनेश लाड ने कहा, “अगले छह महीने सिर्फ रोहित के लिए ही क्यों, बल्कि टीम के हर खिलाड़ी के लिए अहम हैं। टीम में जगह बनाए रखने के लिए प्रदर्शन तो सबको करना होगा। मैं 100 प्रतिशत गारंटी के साथ कह सकता हूं कि रोहित 2027 का वनडे विश्व कप जरूर खेलेंगे।”
‘2019 वर्ल्ड कप जैसा रूप दोहराएं रोहित’
दिनेश लाड ने जोर देकर कहा कि टेस्ट और टी20 क्रिकेट से दूरी का मतलब यह नहीं है कि रोहित आराम कर रहे हैं। वे हर दिन नेट पर कड़ा अभ्यास कर रहे हैं और अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। कोच ने रोहित को सलाह देते हुए कहा, “आलोचना करना लोगों का काम है। जब रोहित क्रीज पर समय बिताते हैं, तो वे दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज बन जाते हैं। मैं चाहता हूं कि वे आगामी मैचों में अपने 2019 वर्ल्ड कप वाले अवतार को दोहराएं। उनकी तकनीक बेजोड़ है, वे पारी को संभालना और बड़े शॉट्स खेलना बखूबी जानते हैं। उन्हें बस बाहरी बातों को नजरअंदाज कर अपने खेल का आनंद लेना चाहिए।”
