आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स का विजय रथ अब एक ऐसी आंधी बन चुका है जिसे रोकना किसी भी टीम के लिए नामुमकिन साबित हो रहा है। शनिवार रात बरसापारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के 201 रनों के विशाल लक्ष्य को खिलौना साबित कर दिया। मैच के असली नायक रहे 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने बेंगलुरु के गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की कि मैच महज 17.5 ओवर में ही खत्म हो गया। इस शानदार जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन में अपनी जीत का चौका लगाया है और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर अपनी बादशाहत कायम रखी है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। जोफ्रा आर्चर ने पारी की पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट को आउट कर बेंगलुरु को गहरा झटका दिया। हालांकि, कप्तान रजत पाटीदार ने 63 रनों की कप्तानी पारी और विराट कोहली के 32 रनों के योगदान ने टीम को संभाला। अंत में ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ वेंकटेश अय्यर की 29 रनों की कैमियो पारी की बदौलत आरसीबी ने 20 ओवर में 201 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए, जिससे बेंगलुरु की टीम और बड़े स्कोर तक नहीं पहुँच सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी एक ‘तूफान’ बनकर आए। उन्होंने महज 26 गेंदों में 300 की स्ट्राइक रेट से 78 रन कूट डाले, जिसमें 8 शानदार चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। वैभव की इस पारी ने आरसीबी के खेमे में दहशत पैदा कर दी। उनके आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला और 43 गेंदों पर नाबाद 81 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलकर जीत की औपचारिकता पूरी की। अनुभवी रवींद्र जडेजा ने भी नाबाद 24 रन बनाकर टीम को 6 विकेट से एक बड़ी जीत दिला दी। आरसीबी, जिसने इस सीजन में शानदार शुरुआत की थी, उसे राजस्थान की इस पावर-हिटिंग के सामने अपनी पहली हार का कड़वा घूंट पीना पड़ा।
