विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजते ही केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य रोड शो के दौरान पुडुचेरी की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। अजंता सिग्नल पॉइंट से कामराजर स्टैच्यू तक करीब 2 किलोमीटर लंबे इस सफर में ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारों की गूंज सुनाई दी। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पुडुचेरी घूमने आए विदेशी पर्यटकों में भी प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए जबरदस्त उत्साह देखा गया, जिन्होंने इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री एन. रंगासामी (AINRC) और गृह मंत्री ए. नमसिवायम (BJP) के साथ फूलों से लदे खुले वाहन में सवार होकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। लगभग एक घंटे तक चले इस रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े हजारों समर्थकों ने प्रधानमंत्री पर फूलों की बारिश की। पीएम मोदी ने इस शक्ति प्रदर्शन के जरिए आगामी चुनाव में AINRC-BJP गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की पुरजोर अपील की। चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि इस मेगा शो ने गठबंधन के कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है और पुडुचेरी की सियासी फिजा को पूरी तरह बदल दिया है।
पुडुचेरी के बाद अब प्रधानमंत्री का अगला पड़ाव दक्षिण का एक और महत्वपूर्ण राज्य केरल है। 4 अप्रैल को पीएम मोदी केरल के तिरुवल्ला में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 3 बजे कोट्टायम के चांगनास्सेरी पहुँचने के बाद वे पथानामथिट्टा के तिरुवल्ला के लिए रवाना होंगे, जहाँ एनडीए के तमाम दिग्गज नेता और उम्मीदवार मौजूद रहेंगे। केरल के 9 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले यह दौरा निर्णायक माना जा रहा है। तिरुवल्ला की सभा के बाद, प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम में किल्लीपलम जंक्शन से करमाना तक 1.5 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे, जिसके बाद वे शनिवार शाम को वापस दिल्ली लौटेंगे।
