बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के घर किलकारी गूंजी हैं. राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री यादव प्यारे बेटे के माता-पिता बने हैं. नन्हें मेहमान के आने की खुशी में यादव परिवार में खुशी का माहौल है. हालांकि, इन सब के बीच इस नन्हें मेहमान का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में बना हुआ है.

दरअसल, बीते दिन अपने एक्स हैंडल से एक ट्वीट कर लालू यादव ने अपने पोते का नाम का खुलासा किया. इस ट्वीट में लालू यादव ने लिखा, ‘हमारी पोती का जन्म शुभ नवरात्रि के 6वें दिन कात्यायनी अष्टमी को हुआ था. इसलिए हमने उसका नाम कात्यायनी रखा था. अब, कात्यायनी के छोटे भाई का जन्म बजरंग बली हनुमान जी के मंगल दिवस मंगलवार को हुआ है, इसलिए मैंने और राबड़ी देवी ने इस नन्हे बच्चे का नाम ‘इराज’ रखा है.’ लालू यादव ने आगे लिखा, ‘तेजस्वी और राज श्री ने बच्चे का पूरा नाम इराज लालू यादव रखा है. आप सभी की शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद! नवजात और उसकी मां स्वस्थ हैं.’ लालू यादव के ट्वीट के बाद इस नाम को अब सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में खूब सराहा जा रहा है.

क्या है इराज नाम का मतलब?
बता दें कि यह नाम जितना प्यारा है, इसका मतलब भी उतना ही यूनिक है. इराज हनुमान जी के तमाम नामों में से एक है. इराज संस्कृत का शब्द है. इसके और भी कई अर्थ हैं, जैसे- फूल, प्रसन्नता, जलज आदि. इससे अलग पवन पुत्र महाबली हनुमान का भी एक नाम इराज है.

इससे पहले राजद प्रमुख तेजस्वी यादव ने भी ट्वीट कर बेटे के जन्म की खुशी जाहिर की थी. तेजस्वी यादव ने लिखा था, ‘गुड मोर्निंग, इंतजार आखिरकर खत्म हुआ. हमारे नन्हे बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और खुश महसूस कर रहा हूं. जय हनुमान!’

