मध्यप्रदेश के धार जिले में आज एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। जिले के तिरला थाना क्षेत्र के पास मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 12 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में छह महिलाएं और दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह सभी मजदूर दिनभर की कड़ी मजदूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे, तभी काल ने उन्हें रास्ते में ही घेर लिया।

हादसे के वक्त पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक करीब 35 से 40 मजदूर सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की गति तेज थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे पलट गया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचित किया। पुलिस बल और एम्बुलेंस ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को नजदीकी जिला अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में फिलहाल अफरा-तफरी का माहौल है, जहां कई घायलों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें सीएसपी सुजावल जग्गा भी शामिल हैं, अस्पताल और घटना स्थल पर मौजूद हैं। प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
