आईपीएल 2026 के 61वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 23 रनों से हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। रविवार (17 मई) को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में पंजाब किंग्स निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 199 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ बेंगलुरु इस सीजन में प्लेऑफ का टिकट पक्का करने वाली पहली टीम बन गई है।

अंक तालिका में आरसीबी की बादशाहत, पंजाब संकट में
इस सीजन में आरसीबी ने अपने प्रदर्शन में गजब की निरंतरता दिखाई है। टीम ने अब तक 13 मैचों में से 9 में जीत दर्ज की है और 18 अंकों के साथ शीर्ष पर मजबूत है। वहीं, पंजाब किंग्स की यह लगातार छठी हार है। पंजाब ने 13 मैचों में से केवल 6 जीते हैं और 13 अंकों के साथ उनके लिए प्लेऑफ की राह अब लगभग नामुमकिन हो गई है। दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 38 मैच खेले गए हैं, जिसमें बेंगलुरु ने 20 और पंजाब ने 18 मैच जीते हैं। पिछले सीजन के फाइनल समेत दोनों के बीच 4 मैच हुए थे, जिसमें आरसीबी ने 3 मैच अपने नाम किए थे।
कोहली का 67वां अर्धशतक और वेंकटेश अय्यर की तूफानी पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की शुरुआत धीमी रही। ओपनर जैकब बेथेल (11) हरप्रीत बराड़ का शिकार बने। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल (45 रन, 25 गेंद) ने दूसरे विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी की। विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने आईपीएल करियर का 67वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 37 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 58 रन बनाए, जिन्हें युजवेंद्र चहल ने आउट किया। अंत में वेंकटेश अय्यर ने 40 गेंदों पर 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 73 रन और टिम डेविड ने 12 गेंदों पर 28 रन बनाकर टीम का स्कोर 4 विकेट पर 222 रन पहुँचाया। पंजाब के लिए हरप्रीत बराड़ ने 2, जबकि अर्शदीप और चहल ने 1-1 विकेट लिया।
पंजाब किंग्स का फ्लॉप टॉप ऑर्डर, शशांक का अर्धशतक बेकार
223 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 19 रन पर उसके 3 विकेट गिर गए। ओपनर प्रियांश आर्य (0) और प्रभसिमरन सिंह (2) को भुवनेश्वर कुमार ने पवेलियन भेजा, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर (1) को रसिक सलाम डार ने आउट किया। इसके बाद कूपर कोनोली (37) और सूर्यांश शेडगे (35) ने पारी को संभाला। मध्यक्रम में मार्कस स्टोइनिस (37) और शशांक सिंह ने छठे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। शशांक सिंह ने 27 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 56 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। आरसीबी के लिए रसिक सलाम डार ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।
